नोएडा। जिले में एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। दनकौर कोतवाली क्षेत्र में एक नवविवाहित ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवविवाहित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दनकौर थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि कल्पना और सूरज कस्बे में रहते है। कल्पना के उम्र 21 साल और सूरज की उम्र 24 साल है। दोनों की शादी नवंबर 2022 में हुई थी। शादी के बाद से दोनों के बीच सब ठीक-ठाक चल रहा था। बीते 17 मार्च 2023 को कल्पना और सूरज ग्रेटर नोएडा के नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के पास एक किराए के मकान में रहने के लिए आए थे। ग्रेटर नोएडा में आकर दोनों मजदूरी का काम करते थे।
इसलिए फांसी पर झूली कल्पना
संजय कुमार सिंह ने बताया कि रविवार की दोपहर बाद कल्पना और सूरज के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। घरेलू विवाद के बाद सूरज बिना खाना खाए कहीं पर चला गया। यह बात कल्पना के दिल में लग गई और उसने रविवार की दोपहर करीब 3:30 अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थोड़ी देर बाद जब सूरज वापस लौटा तो उसको अपनी बीवी की लाश फांसी पर लटकी हुई मिली। जिसको देखकर वह दंग रह गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने नवविवाहित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच में पता चला है कि दोनों अंबेडकर नगर के रहने वाले है। कल्पना के सास-ससुर भी ग्रेटर नोएडा में रहते हैं। इस घटना के बाद सूरज के घर में मातम छा गया है।