Chamba. चंबा। नीट-यूजी 2026 की लिखित परीक्षा का आयोजन रविवार को जिला मुख्यालय चंबा के दो परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा में कुल 768 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 668 ने हिस्सा लिया, जबकि 100 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजकर 20 मिनट तक आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस जवान भी तैनात रहे। नीट-यूजी को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, चंबा जिले में नीट-यूजी परीक्षा के लिए डिग्री कॉलेज चंबा और जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
सुबह 11 बजे से ही अभ्यर्थी अपने अभिभावकों के साथ केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रवेश से पहले उनकी गहन जांच की गई। परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। निर्धारित मानकों के अनुसार साधारण कपड़ों में पहुंचे अभ्यर्थियों को ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया। डिग्री कॉलेज चंबा केंद्र के लिए 600 अभ्यर्थियों को रोल नंबर आवंटित किए गए थे। इनमें से 519 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 81 अनुपस्थित रहे। वहीं, जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल केंद्र में 168 अभ्यर्थियों को रोल नंबर जारी किए गए थे। इनमें 149 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 19 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।