नारग स्कूल ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम

Update: 2026-06-17 12:03 GMT
Nahan. नाहन। जिला सिरमौर के पीएम श्री पंडित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग का चयन स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर के सर्वश्रेष्ठ 191 विद्यालयों में किया गया है। यह उपलब्धि नारग स्कूल ही नहीं, अपितु पूरे सिरमौर के लिए गौरव का विषय है। उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के तत्त्वावधान में तथा एनसीईआरटी और राज्य परियोजना कार्यालय के सौजन्य से सत्र 2025-26 में पहली बार देश भर के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के लिए स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे देश से लगभग 1,047,859 विद्यालयों ने भाग लिया। इस महत्त्वाकांक्षी पहल के अंतर्गत विद्यालयों का मूल्यांकन विभिन्न चरणों जिला स्तर, राज्य स्तर तथा राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया। गौरवपूर्ण तथ्य यह है कि हिमाचल प्रदेश से इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान हेतु 11 विद्यालयों का चयन हुआ है, जिसमें पीएम श्री पंडित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग का भी चयन हुआ है और इस विद्यालय ने अपनी श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया है।

हर्ष का विषय है कि सिरमौर से ही दूसरा विद्यालय राजकीय माध्यमिक विद्यालय धमून का भी चयन इस पुरस्कार हेतु हुआ है। इस उपलब्धि के अंतर्गत विद्यालय को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मान समारोह में शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा एक लाख की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रोहित वर्मा ने समस्त विद्यालय परिवार विशेषकर स्वच्छता समिति, शिक्षकों, गैर शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समुदाय को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को शिक्षा प्रक्रिया का अभिन्न अंग बनाया गया है। विद्यालय में स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन शैली के रूप में विकसित की गई है, जिसका परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इस सम्मान के रूप में सामने आया है। पीएमश्री पंडित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग शिक्षा, नवाचार, खेल, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते हुए अनेक उपलब्धियां अर्जित कर चुका है।
Tags:    

Similar News