'मेरी लोकप्रियता इटली के हितों से है, ट्रंप से नहीं'— मेलोनी का पलटवार
ट्रंप पर बरसीं मेलोनी
Delhi दिल्ली : अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump और इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन को लेकर ट्रंप द्वारा किए गए दावों पर मेलोनी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि उनकी लोकप्रियता किसी विदेशी नेता के साथ संबंधों पर नहीं, बल्कि इटली के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने की क्षमता पर आधारित है।
दरअसल, ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर दावा किया था कि जी-7 बैठक के दौरान जॉर्जिया मेलोनी ने उनसे कई बार तस्वीरें खिंचवाने का अनुरोध किया था। ट्रंप के अनुसार, मेलोनी इटली में अपनी कथित गिरती लोकप्रियता को संभालने के लिए ऐसा कर रही थीं और अमेरिका के साथ फिर से नजदीकियां बढ़ाना चाहती थीं।
इन आरोपों का जवाब देते हुए मेलोनी ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से लगातार और बिना किसी उकसावे के किए जा रहे हमले पूरी तरह निरर्थक हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लोकप्रियता इटली के हितों की रक्षा करने और जनता के प्रति जवाबदेही निभाने पर निर्भर करती है, न कि किसी विदेशी नेता के समर्थन पर।
मेलोनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इटली एक संप्रभु राष्ट्र है और वह अपने राष्ट्रीय हितों के अनुरूप निर्णय लेता है। उन्होंने अमेरिकी सैन्य ठिकानों और द्विपक्षीय समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का सम्मान किया है।
ट्रंप ने अपने बयान में यह भी आरोप लगाया था कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम के मुद्दे पर अमेरिका का समर्थन न करने के कारण मेलोनी की लोकप्रियता प्रभावित हुई है। हालांकि, मेलोनी ने इन दावों को खारिज करते हुए ट्रंप को अपनी लोकप्रियता पर ध्यान देने की सलाह दी।