Mumbai मुंबई : घाटकोपर इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। यहां 35 वर्षीय महिला सपना घांजी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस घटना को शुरुआत में बाथरूम में गिरकर हुई दुर्घटना बताया जा रहा था, वह एक सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका की 65 वर्षीय सास धनलक्ष्मी घांजी ने ही अपनी बहू की हत्या की साजिश रची और घरेलू सहायिका समेत उसके परिवार को 3 लाख रुपये की सुपारी दी। इस मामले में पुलिस ने सास धनलक्ष्मी घांजी के अलावा घरेलू सहायिका मंगला जाधव, उसके पति सुरेश, बेटी शिवानी और बेटे साजन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मिलकर सपना की हत्या की और फिर इसे हादसा दिखाने की कोशिश की।
घटना की जानकारी सोमवार रात सपना के मायके वालों को दी गई थी। उन्हें बताया गया कि सपना बाथरूम में फिसलकर गिर गई है और गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद घाटकोपर के पंत नगर पुलिस स्टेशन की टीम अस्पताल पहुंची और शव की जांच की। पुलिस को मृतका के शरीर पर कई संदिग्ध चोटों के निशान मिले। उसकी गर्दन पर नीले-काले निशान थे, जबकि सिर के बाएं हिस्से से खून बह रहा था। इन चोटों ने पुलिस को शक करने पर मजबूर किया कि यह सामान्य हादसा नहीं बल्कि हत्या हो सकती है।
पूछताछ के दौरान सास धनलक्ष्मी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने बताया कि सपना शराब के नशे में थी और बाथरूम में गिरने से उसकी मौत हुई। बाद में पुलिस की सख्ती से पूछताछ में उसने कबूल किया कि दोनों के बीच विवाद हुआ था और धक्का लगने से सपना गिर गई। हालांकि, पुलिस ने चोटों की गंभीरता और घटनास्थल की जांच के आधार पर हत्या की दिशा में जांच आगे बढ़ाई। मृतका के पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर सास को गिरफ्तार किया गया।
जांच में तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स की मदद से पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, सपना कुछ समय पहले पति और बेटे के साथ दुबई गई थी और जून में मुंबई लौटी थी। इसके बाद उसका अपनी सास के साथ विवाद बढ़ने लगा था। सास को शक था कि सपना शराब पीती है और उसके किसी अन्य व्यक्ति से संबंध हैं। इसके अलावा सपना ने साल 2024 में नालासोपारा पुलिस स्टेशन में ससुराल वालों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला भी दर्ज कराया था। इसी विवाद के चलते सास ने बहू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के लिए सास ने घर में काम करने वाली मेड मंगला जाधव से संपर्क किया और उसे 3 लाख रुपये देने का लालच दिया। मंगला ने अपने पति, बेटी और बेटे को भी इस साजिश में शामिल कर लिया। वारदात वाले दिन सास धनलक्ष्मी बहाने से सपना के घर पहुंची और मेड व उसके परिवार के सदस्यों को अंदर बुला लिया। आरोप है कि उस समय सपना नशे की हालत में थी। आरोपियों ने पहले उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला, फिर कांच के गिलास से सिर पर हमला किया। इसके बाद दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हत्या के बाद शव को बाथरूम में रख दिया ताकि इसे गिरने से हुई मौत बताया जा सके। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Tags: