2 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया नगर पालिका CMO, ठेकेदार से मांगे थे 4 लाख
रिश्वत
Mandala मंडला: मध्य प्रदेश के मंडला जिले में नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को लोकायुक्त ने दो लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। यह रिश्वत ठेकेदार से भुगतान के एवज में मांगी गई थी। लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार ज्ञानचंद बेन ने शिकायत की थी कि मैं तथा मेरी पत्नी मंजू बैन दोनों शासकीय पंजीकृत ठेकेदार हैं। मेरी पत्नी के नाम से एम एस पलक बैन फर्म रजिस्टर्ड है, जिसे मंडला नगर पालिका के द्वारा वर्ष 2024-25 तथा 2025-26 एल ई डी लाइट एवं फिटकरी के सप्लाई का ठेका प्राप्त हुआ तथा मुझे पाइप जॉइंट एवं वाटर कूलर सप्लाई का कार्य मिला था।
उन्होंने लोकायुक्त को शिकायत कर बताया कि मंजू के कार्य का 39 लाख 23 हजार रुपए का भुगतान हो गया था। जब मैं अपने कार्य का 15 लाख के भुगतान के लिए नगर पालिका सीएमओ गजानन नाफड़े से मिला तो उन्होंने मंजू के कार्य के भुगतान के एवज में 12 प्रतिशत यानी चार लाख रुपए की मांग की। साथ ही यह भी कहा कि चार लाख देने के बाद ही तुम्हारे 15 लाख रुपए का भुगतान करूंगा।
ठेकेदार ज्ञानचंद ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर में शिकायत की। लोकायुक्त द्वारा शिकायत सत्यापन किया गया और आरोपी सीएमओ नगर पालिका मंडला गजानन नाफड़े दो लाख रुपए की रिश्वत लेने के लिए तैयार हो गए हैं। आरोपी गजानन नाफड़े मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कार्यालय नगर पालिका परिषद मंडला में शुक्रवार को दो लाख रुपए की रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।