बिलासपुर। बिलासपुर के लुहणू क्रिकेट मैदान में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में मुंबई ने हिमाचल के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मुंबई के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान के 154 रन और आकाश आनंद के 117 रन की बदौलत टीम ने आठ विकेट पर 528 रन बनाकर पारी घोषित की। इसके जवाब में पहली पारी में महज 140 रन पर सिमटी हिमाचल की टीम ने तीसरे दिन मंगलवार को दूसरी पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाए। दिन का खेल समाप्त होने तक हिमाचल मुंबई से 244 रन पीछे था। बुधवार को मुकाबले का अंतिम दिन होने के चलते हिमाचल के सामने पारी को संभालने और बड़ी चुनौती से उबरने की कठिन परीक्षा होगी। मुंबई ने तीसरे दिन सुबह चार विकेट पर 398 रन से आगे खेलना शुरू किया। सरफराज खान ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 154 रन बनाए, जबकि आकाश आनंद ने 117 रन की शतकीय पारी खेली। इसके बाद सिद्धेश लाड ने भी 87 रन बनाकर टीम के बड़े स्कोर में योगदान दिया। मुंबई ने 151 ओवर में आठ विकेट पर 528 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।