प्रतिभा सिंह की पहल में साथ दें सांसद, कांग्रेस महासचिव का भाजपा पर प्रहार
शिमला। प्रदेश कांग्रेस महासचिव देवेंद्र बुशैहरी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए केंद्रीय सहायता के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इसके बावजूद भाजपा इसमें कोई भी सहयोग नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा है कि प्रतिभा सिंह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और गिरिराज सिंह से मिलकर आपदा से हुए नुकसान में मदद की गुहार लगा चुकी हैं। देवेंद्र बुशैहरी ने कहा कि उन्होंने प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों को पत्र लिखकर जो पहल की है, वह बहुत ही सराहनीय है और भाजपा के सभी सांसदों को इसमें पूरा सहयोग करना चाहिए। बुशैहरी ने कहा है कि रविवार को प्रतिभा सिंह ने रामपुर, आनी, करसोग के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है।
इससे पूर्व मंडी, सुंदरनगर, द्रंग, नाचन, सरकाघाट का विस्तृत दौरा कर प्रभावित लोगों से मिलकर अधिकारियों से पुनर्निर्माण और राहत कार्यों की समीक्षा बैठकें भी कर चुकी हैं। देवेंद्र बुशैहरी ने कहा कि सुरेश कश्यप बताएं कि उन्होंने इस आपदा से निपटने के लिए केंद्र के किस नेता से अभी तक मदद मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र शिमला में भूस्खलन से प्रभावित कितने क्षेत्रों का दौरा किया। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि कालका शिमला राष्ट्रीय राज मार्ग को दुरुस्त करने के लिए उन्होंने केंद्र सरकार या राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से कितनी बार बातचीत की। देवेंद्र बुशैहरी ने कश्यप पर तंज कसते हुए कहा है कि उन्हें अपने संसदीय क्षेत्र में भूस्खलन से प्रभावित लोगों की चिंता करनी चाहिए, न की मंडी संसदीय क्षेत्र की।