Kolkata कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या की आशंका के चलते मृतका के छोटे बेटे और बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह घटना आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के कालीपहाड़ी इलाके की है। मृतका की पहचान 56 वर्षीय बैशाखी हेम्ब्रम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस के अनुसार, मामले में मृतका के छोटे बेटे राजीब हेम्ब्रम और उसकी पत्नी शिवानी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। दोनों से घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। मृतका के दूसरे बेटे जयंत बर्मन ने आरोप लगाया कि उसकी मां की हत्या की गई है। जयंत ने बताया कि वह अपनी मां और छोटे भाई के घर से कुछ दूरी पर रहता है। उसके मुताबिक, बुधवार सुबह उसकी बहन दौड़ते हुए उसके पास आई और बताया कि उसका भाई उनकी मां के साथ मारपीट कर रहा है।
जयंत ने बताया कि सूचना मिलते ही वह तुरंत घर पहुंचा, जहां उसने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में देखा। वह उन्हें अस्पताल लेकर गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जयंत ने अपने छोटे भाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पिता ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में काम करते थे और रिटायरमेंट के समय उन्हें करीब 40 लाख रुपये मिले थे। उसका दावा है कि राजीब उस पैसे की मांग कर रहा था, जबकि उनकी मां पैसे देने के लिए तैयार नहीं थीं।
जयंत का आरोप है कि इसी आर्थिक विवाद को लेकर घर में लंबे समय से तनाव चल रहा था और इसी वजह से उसके भाई ने मां की हत्या कर दी। हालांकि, स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। स्थानीय निवासी संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने महिला की मौत की जानकारी सुनी है, लेकिन घटना के वास्तविक कारण के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग महिला के सीढ़ियों से गिरने की बात कह रहे हैं, जबकि कुछ लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के डीसी (सेंट्रल) ध्रुव दास मौके पर पहुंचे। डीसी ध्रुव दास ने बताया कि महिला की मौत हुई है, लेकिन फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक परिवार की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: