मोदी सरकार ने हमारे बहादुर सैनिकों का रखा पूरा ख्याल

Update: 2024-05-19 11:11 GMT
ऊना। मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में सेना के लिए जो कार्य हुए हैं, वह पिछले 60 वर्षों में भी नहीं हुए होंगे। यह बात केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने चिंतपूर्णी और जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत अंबेहड़ा, तलमेड़ा, सोहारी, जुबेहड़, अंब, किन्नू काला सराय, समनोली, त्यामबल, पटियाल बस्ती डोडरा, जम्वल व डाडा सीबा में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हमने सेना की वर्षों पुरानी मांग, वन रैंक वन पेंशन को लागू किया। अभी तक एक लाख करोड़ से ज्यादा पैसा हम हमारे बहादुर पूर्व सैनिकों को दे चुके हैं। कांग्रेस ने तो अपने 10 वर्षों में सेना को एक भी बुलेट प्रूफ जैकेट तक नहीं दिया। उनके दौर में सेना जरूरी साजो-सामान के लिए तरसती थी। इन्होंने सैन्य सामानों में भी घोटाले किए। लेकिन पीएम मोदी ने सेना को सभी अत्याधुनिक हथियार दिलाए। आज हमारी सेना के पास राफेल विमान से लेकर बुलेट प्रूफ जैकेट, आईएनएस विक्रांत से लेकर तेजस विमान और अग्नि मिसाइल हैं। हमने सिर्फ बॉर्डर पर 6800 किलोमीटर से ज्यादा सडक़े बनाई हैं।
पिछले वर्ष देश में एक लाख करोड़ से ज्यादा रक्षा उत्पादन किया गया है। यही नहीं हमने नॉर्थ ईस्ट में लगभग 11 शांति समझौते किए हैं आज पूरे देश में नक्सली हथियार डाल रहे हैं। कांग्रेस ने कभी भी इन मुद्दों का समाधान नहीं किया बल्कि उन्हें हमेशा बढऩे दिया। जो भारत कभी विश्व में सबसे बड़े रक्षा आयातक के तौर पर जाना जाता था वह आज अपने ही देश में रक्षा क्षेत्र से जुड़े एक लाख करोड़ से ज्यादा के समान बना रहा है। अब सेना में करप्शन नहीं बल्कि सेना को बेहतरीन बनाने के लिए कनविक्शन के साथ काम होता है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 10 वर्षों पहले देश ने कांग्रेस पार्टी की भ्रष्ट और अराजक सरकार को उखाडक़र भाजपा की ईमानदार सरकार को चुना था। इन 10 वर्षों में मोदी जी ने देश की आशाओं और आकांक्षाओं पर शत प्रतिशत खरा उतरने का काम किया है। आज देश के अंदर तो आमूल चूल परिवर्तन हुए ही हैं इसके साथ-साथ भारत का डंका विदेशों में भी बजा है।
Tags:    

Similar News