परिजनों के हवाले किया धुनेटा गांव का लापता व्यक्ति

Update: 2024-05-08 10:47 GMT
चंबा। जिला कांगड़ा की पालमपुर तहसील के धुनेटा गांव से चार-पांच दिन पहले अचानक लापता व्यक्ति को पुलिस ने सकुशल परिजनों को सौंप दिया है। इस कार्य के लिए व्यक्ति के परिजनों ने पुलिस व स्थानीय लोगों का आभार जताया है। मंगलवार को परिजन व्यक्ति को लेकर वापस घर लौट गए हैं। जानकारी के अनुसार धुनेटा गांव का अशोक कुमार चार-पांच दिन पहले अचानक घर से लापता हो गया। और राह भूलकर सिंगी पंचायत के भलोली गांव पहुंच गया। गांव में अंजान व्यक्ति को देखकर ग्रामीणों ने पूछताछ का प्रयास किया।

लेकिन अशोक कुमार की मानसिक स्थिति ठीक न होने के चलते वह कुछ नहीं बता पाया। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना पाते ही खजियार पुलिस चौकी प्रभारी मदनपाल ने व्यक्ति को अपने पास रखने के साथ ही घर का पता मालूम करने की कोशिश आरंभ कर दी। इस दौरान अशोक कुमार ने अपने गांव का नाम बताया। इस पर पुलिस ने संबंधित पंचायत के प्रधान से संपर्क किया। पुलिस की ओर से व्हाटसएप्प पर भेजी फोटो के आधार पर परिजनों ने इसकी पहचान की। इस पर परिजनों को खजियार बुलाया गया। जहां कागजी औपचारिकताएं निपटाने के बाद अशोक कुमार को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
Tags:    

Similar News