तीज कार्यक्रम में गई नाबालिग की मौत, झाड़ियों में मिला शव; दो आरोपियों गिरफ्तार
चतरा में दर्दनाक घटना, नाबालिग की मौत मामले में जांच तेज
Chatra. चतरा। झारखंड के चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती की हत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीज पर्व के दौरान आयोजित डीजे कार्यक्रम में शामिल होने गई नाबालिग के साथ कथित रूप से गंभीर अपराध की वारदात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को गांव में तीज पर्व के अवसर पर डीजे कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान नाबालिग कार्यक्रम देखने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान दो युवक उसे सुनसान इलाके की ओर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म और हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। अगले दिन 15 सितंबर को बेसरा गांव के पास झाड़ियों में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना के बाद कुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की जांच कराई। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने तकनीकी जांच, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और मानव सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र निवासी कमलेश भारती और मनोज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर कुछ सामान भी बरामद किए गए हैं। इनमें नाबालिग का लाल रंग का टॉर्च, हेयर पिन, घटना के समय इस्तेमाल किए गए कपड़े और एक मोबाइल फोन शामिल हैं।
जांच जारी
पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। बरामद सामान और साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। इस घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामले में तेजी से जांच पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।