मौसम विभाग ने बताया- देश में इस साल अगस्त में मानसून रहा कमजोर, 12 वर्षो में सबसे कम हुई बारिश

देश में इस साल मानसून सबसे कमजोर अगस्त में रहा।

Update: 2021-09-10 18:38 GMT

नई दिल्ली, देश में इस साल मानसून सबसे कमजोर अगस्त में रहा। यह जानकारी भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से दी गई है। मौसम विभाग ने बताया कि अगस्त महीने में 24 फीसद कम बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को IMD ने बताया कि यह 12 वर्षो में न्यूनतम है। देश में कमजोर मानसून के दो बड़े सप्ताह नौ से 16 अगस्त और 23 से 27 अगस्त साबित हुए। देश के उत्तर पश्चिम, मध्य और इससे जुड़े प्रायद्वीप एवं पश्चिमी तट में वर्षा की स्थिति कमजोर रही।

मौसम विभाग ने कहा, 'अगस्त के दौरान देश भर में बारिश लांग पीरियड एवरेज (एलपीए) से 24 फीसद कम रही। यह पिछले 12 वर्षो में अगस्त में सबसे कम बारिश वाला साबित हुआ।' इससे पहले मौसम विभाग ने अपने बयान में कहा था कि इस साल अगस्त में 19 वर्षो में सबसे कम बारिश हुई।
दक्षिण पश्चिम मानसून सत्र आधिकारिक रूप से एक जून से प्रारंभ और 30 सितंबर को समाप्त माना जाता है। जून महीने में 10 फीसद अधिक वर्षा हुई, लेकिन जुलाई और अगस्त में क्रमश: सात और 24 फीसद कम वर्षा दर्ज की गई। मध्य भारत में 39 फीसद कम वर्षा हुई। इस क्षेत्र में महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा आते हैं। उत्तर पश्चिम भारत संभाग में उत्तर के राज्य शामिल हैं। इस क्षेत्र में 30 फीसद कम बारिश दर्ज हुई है। दक्षिणी प्रायद्वीप में 10 फीसद कम, जबकि उत्तर पूर्व संभाग में सामान्य से दो फीसद ज्यादा बारिश हुई।एएनआइ के अनुसार, मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार तड़के दिल्ली के कुछ हिस्सों में हुई बारिश के बाद तापमान एक डिग्री नीचे आ गया और 28.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
Tags:    

Similar News

-->