Jukhala. जुखाला। ऐतिहासिक दांवी घाटी झंडा मेले का शुभारंभ जिला परिषद सदस्य एडवोकेट सुरभि ठाकुर ने विधिवत पूजा-अर्चना और झंडा रस्म अदा कर किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उनका भव्य स्वागत किया। मेले के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इसमें भाग लेकर अपनी आस्था एवं उत्साह का प्रदर्शन किया।
झंडा मेले के शुभारंभ अवसर पर एडवोकेट सुरभि ठाकुर ने परंपरागत विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की तथा झंडा फहराकर मेले के सफल आयोजन की कामना की। उन्होंने कहा कि दांवी घाटी का यह ऐतिहासिक मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से जहां पुरानी परंपराएं जीवंत रहती हैं, वहीं नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति से जुडऩे का अवसर मिलता है। इस अवसर पर भाजपा नेता रोशन ठाकुर मेला कमेटी अध्यक्ष, पंचायत प्रधान कोटला सुमन ठाकुर, पूर्व पंचायत प्रधान सिकरोहा दुर्गा राम ठाकुर व पंचायत समिति सदस्य रामपाल ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।