बिहार में भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की कई दलों ने की निंदा, चिराग ने कहा- तानाशाही रवैया

Update: 2023-07-13 11:25 GMT
पटना: बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को भाजपा के विधानसभा मार्च के क्रम में पुलिस द्वारा किए गए लाठी चार्ज की कई राजनीतिक दलों ने निंदा की है। लोजपा (रामविलास ) के प्रमुख और जमुई के सांसद चिराग पासवान ने पुलिस लाठी चार्ज की निंदा करते हुए इसे तानाशाही रवैया बताया।
उन्होंने कहा कि पहले छात्र फिर शिक्षक अभ्यर्थी और कल किसान सलाहकारों के बाद आज भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करना नीतीश कुमार के तानाशाही रवैया को दर्शाता है। उन्होंने नीतीश कुमार को संबोधित करते हुए कहा कि यह दुखद व बेहद शर्मनाक है कि जो अपने अधिकार की मांग कर रहे हों, उनपर आप लाठियां चलाते हैं। विधायकों को सदन से बाहर फेंकवाते हैं।
उन्होंने कहा कि क्या आपके पास हर समस्या का समाधान सिर्फ लाठी है? यह महाजंगलराज नहीं तो और क्या है? इस बीच, राष्ट्रीय लोक जनता दल के प्रमुख और पूर्व मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर कहा कि विधानसभा घेराव कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर बिहार पुलिस के जवानों ने जिस तरह से लाठीचार्ज किया है, ये सरकार की दमनकारी नीतियों को प्रदर्शित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव के ऊपर चार्जशीट, नई शिक्षक नियमावली और 10 लाख रोजगार देने के वादे से मुकरने आदि के मुद्दे पर विधानसभा मार्च निकाला था। इसमें क्या बुराई था? क्या सरकार के खिलाफ विपक्ष अपना विरोध नहीं जता सकती है?
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा जिस तरह से लाठीचार्ज और वाटर कैनन का प्रयोग किया जा रहा था, वह नीतीश सरकार की अपनी दम्भ व अंहकार क़ो प्रदर्शित कर रहा था। बिहार की जनता एक-एक चीज देख रही है, आने वाले समय में नीतीश जी एवं तेजस्वी यादव क़ो बिहार की जनता उखाड़ फेंकने का काम करेगी।
Tags:    

Similar News

-->