महंत आदिनाथ शास्त्री ने खुद पर चाकू से किया हमला, हालत गंभीर
अस्पताल में भर्ती
Maharashtra महाराष्ट्र: अहिल्यानगर जिले में स्थित तारकेश्वर गढ़ के महंत आदिनाथ शास्त्री महाराज ने रविवार को खुद पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। महंत की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के अनुसार महंत आदिनाथ ने अपने शरीर पर चाकू से वार किया, जिससे गहरे घाव हुए। घटना की सूचना मिलते ही उनके अनुयायी और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे। पथार्डी और बीड जिलों में उनके कई अनुयायी हैं, इसलिए इस खबर से श्रद्धालुओं में चिंता और हड़कंप का माहौल बन गया। इस आत्मघाती कदम के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं। अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस मामले में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पथार्डी की विधायक मोनिका राजले और भाजपा युवा नेता अक्षय करदिले भी अस्पताल पहुंचे और महंत के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है, लेकिन अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं हुआ है। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महंत ने ऐसा कदम क्यों उठाया। वहीं, अनुयायी और स्थानीय लोग भी उनके जल्द स्वास्थ्यलाभ की कामना कर रहे हैं। महंत आदिनाथ शास्त्री की स्थिति और कारणों का पता चलने पर ही घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आएगी।