बिसलेरी का पानी सुरक्षित या असुरक्षित? FSSAI की कार्रवाई पर कंपनी ने तोड़ी चुप्पी
नई दिल्ली: पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ FSSAI ने मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है. FSSAI ने बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर को असुरक्षित करार दिया है. अब बिसलेरी ने एक बयान जारी करते हुआ बताया है कि उसका पानी पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित है और FSSSAI से जुड़ा ये मामला करीब 14 महीने पुराना है.
बिसलेरी के बयान के मुताबिक, ये मामला सितंबर 2025 में कंपनी के गोवा प्लांट में तैयार एक बैच से जुड़ा है. बिसलेरी के नेटवर्क में कुल 143 प्लांट हैं. कंपनी ने बताया कि 30 सितंबर 2025 को FSSSAI ने गोवा इकाई से छह सैंपल लिए थे.
शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी स्टैंडर्ड्स पर खरे उतरे थे. छठे सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की तय सीमा के मुकाबले 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया था.
कंपनी की 22 नवंबर 2025 की अपील के बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा गया. बिसलेरी के मुताबिक, रेफरल लैब ने ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर पाया, लेकिन अलग से पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) का जिक्र किया. दोनों नतीजों में अंतर होने पर बिसलेरी ने FSSSAI से मान्यता प्राप्त लैब में स्वतंत्र जांच कराई, जिसमें ब्रोमेट तय सीमा में मिला.
बिसलेरी ने कहा कि उसने स्वतंत्र जांच रिपोर्ट 2 फरवरी 2026 के पत्र के साथ FSSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंपी थी. इसके बाद कोई संवाद न होने पर कंपनी ने मामला बंद मान लिया था. बिसलेरी के मुताबिक, उसे अब तक ईमेल या हार्ड कॉपी में कोई नोटिस नहीं मिला है और FSSSAI की वेबसाइट पर भी ऐसा कोई नोटिस नहीं दिख रहा है.
कंपनी ने कहा, 'पीने के पानी की सेफ्टी बिसलेरी के लिए प्रायोरिटी है. हम अपने 10-स्टेप मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस में 90 से ज्यादा टेस्ट के कड़े क्वालिटी कंट्रोल बनाए रखते हैं और सही रेगुलेटरी प्रोसेस के ज़रिए इस मामले को सुलझाने के लिए FSSAI के साथ कोऑपरेट करते रहेंगे. सालों से एक भरोसेमंद ब्रांड, बिसलेरी पीने के लिए सेफ बना हुआ है.'
दरअसल FSSSAI ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर (मिनरल वॉटर के अलावा) के रेगुलेटरी सैंपल में तय ब्रोमेट सीमा का पालन नहीं हुआ और FSS एक्ट, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित किया गया.
FSSSAI के मुताबिक, कंपनी की अपील पर रेफरल फूड लैब ने भी PAHs पाए जाने के कारण सैंपल को असुरक्षित करार दिया. इसी आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई.