लखनऊ। लखनऊ की एक अदालत में गैंगस्टर संजीव जीवा पर गोली चलाने वाला पकड़ लिया गया है. कोर्ट परिसर से आ रहे वीडियो में आरोपी पुलिस वालों और वकीलों के बीच घिरा दिख रहा है. पुलिस ने उसे पकड़ा हुआ है. उसका नाम विजय यादव बताया गया है. वो यूपी के जौनपुर का रहने वाला है. कोर्ट में मौजूद एक वकील ने आजतक को बताया कि विजय ने खुद बताया कि वो संजीव जीवा की हत्या करने ही आया था. लेकिन क्यों, ये फिलहाल साफ नहीं है. इससे पहले अदालत में सुनवाई के लिए पहुंचे गैंगस्टर संजीव जीवा की गोली लगने से मौत हो गई. वकील के भेस में आए हमलावर ने उसे गोली मार दी. गोली लगते ही जीवा अदालत परिसर में गिर गया और वहीं दम तोड़ दिया.
एक घायल पुलिसकर्मी का नाम लाल मोहम्मद बताया गया है. दूसरे पुलिसकर्मी की पहचान नहीं हुई है. घायल महिला के अंगूठे में चोट आई है. वो सुरक्षित है. वहीं बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक ये सभी गोली के छर्रे लगने से घायल हुए हैं. हत्या का आरोपी विजय यादव जौनपुर जिले के केराकत इलाके का रहने वाला है. घटनास्थल पर मौजूद एक वकील ने बताया कि कोर्ट परिसर में खून के धब्बे नज़र आ रहे हैं. कुछ दीवार पर, कुछ जमीन पर. वकील आशीष को बताते हैं, एक दूसरे वीडियो में साफ नज़र आ रहा है, पुलिस शूटर विजय को पकड़े हुए है. कई वकील विजय को पीटने की कोशिश कर रहे हैं. वीडियो में गाली-गलौज की भी आवाज आ रही है. इस वारदात को लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र में अंजाम दिया गया है. मृतक संजीव जीवा बीजेपी नेता ब्रह्मदत्त दिवेदी की हत्या का दोषी था. इसके अलावा वह कई दूसरे मामलों में भी अभियुक्त था. संजीव जीवा यूपी के मुजफ्फरनगर का रहने वाला था. वो फिलहाल लखनऊ की जेल में बंद था. उसे गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी का करीबी बताया जाता था.