कंबोडिया से चल रहा था डिजिटल अरेस्ट का खेल, 3648 सिमकार्ड और 20 लाख की ठगी 3 आरोपी गिरफ्तार
अंतरराष्ट्रीय साइबर नेटवर्क का पर्दाफाश
उत्तर प्रदेश: मुजफ्फरनगर में साइबर पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। इस साइबर ठगी के तार विदेश तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सूरज कुमार राय ने बताया कि मामले की तकनीकी जांच के दौरान पता चला कि ठगी में इस्तेमाल किए गए नंबर से जुड़ा आईपी एड्रेस कंबोडिया में सक्रिय था, जबकि संबंधित मोबाइल नंबर अमरोहा से हासिल किया गया था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि 15 अक्टूबर 2026 को मुजफ्फरनगर साइबर पुलिस थाने में डिजिटल अरेस्ट से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। इस दौरान ठगी की रकम का लगभग आधा हिस्सा फ्रीज कराने में सफलता मिली। साथ ही साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई।
कंबोडिया से जुड़े साइबर ठगी के तार
एसएसपी के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की तकनीकी जानकारी जुटाई। इसमें सामने आया कि नंबर से जुड़ा आईपी एड्रेस कंबोडिया से संचालित हो रहा था। वहीं, इस नंबर को अमरोहा से प्राप्त किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर और उससे जुड़े नेटवर्क की जांच तेज की। जांच में सामने आया कि साइबर अपराधी खुद को एटीएस और एनआईए का अधिकारी बताकर लोगों को डराते थे। पीड़ित को उसके मोबाइल सिम और बैंक खाते का संबंध आतंकवादियों से होने की बात कहकर धमकाया गया। आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी गिरफ्तारी वारंट और सरकारी नोटिस भेजकर उससे 20 लाख 94 हजार 900 रुपये की ठगी की।
3648 सिमकार्ड का नेटवर्क सामने आया
पुलिस की जांच में कुल 3648 अलग-अलग सिमकार्ड के इस्तेमाल का खुलासा हुआ है। इनमें वोडाफोन आइडिया के 2550, एयरटेल के 1035 और जियो के 63 सिमकार्ड शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी गरीब और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं, राशन तथा आर्थिक सहायता का लाभ दिलाने का भरोसा देकर उनकी केवाईसी जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद उनकी पहचान का इस्तेमाल कर सिमकार्ड जारी कराए जाते थे। इन सिमकार्ड से जुड़े ओटीपी साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। जांच में व्हाट्सएप के माध्यम से ओटीपी की खरीद-फरोख्त होने की जानकारी भी सामने आई है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और सिमकार्ड बरामद
साइबर पुलिस ने मामले में अमरोहा निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन और चार सिमकार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क केवल डिजिटल अरेस्ट तक सीमित नहीं था। इसके जरिए ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, गेमिंग फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों को भी अंजाम देने के आरोप सामने आए हैं। एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में साइबर पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विदेशी संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नेटवर्क का इस्तेमाल किन-किन साइबर अपराधों में किया गया।