प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के यमुनानगर इलाके में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एक कार पर अचानक बम फटा. यहां कुछ अज्ञात लोगों ने एक कार पर बम से हमला कर दिया और फरार हो गए. बमबाजी की ये घटना वहीं लगे सीसीटीवी कैमरे मे कैद हो गई.वीडियो मे साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही कुछ कार सवार आकर गाड़ी रोकते हैं तभी दो बाइक सवार उल्टी तरफ से आकर कार पर कुछ फेंकते हुए निकल जाते हैं. ये एक बम होता है जो कार के ऊपर जोरदार धमाका करता है.
उसके बाद कार सवार लोग बम के हमले से घबरा कर भागने लगते हैं. फिलहाल बम के इस हमले से दो लोग ड्राइवर वेद और कार में पीछे बैठे रवि केसरवानी मामूली रूप से हुए घायल हुए हैं. ये घटना शंकरगढ़ थाना इलाके के नारी बारी बाजार की रात लगभग नौ बजे की है. इस मामले मे पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस आरोपियों की तलाश मे जुट गई है.
बता दें कि दो महीने पहले छत्तीसगढ़ से ऐसा ही मामला सामने आया था. यहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को शक था कि उसकी पत्नी का अफेयर चल रहा है. इसी को लेकर उसने यूट्यूब से बम बनाना सीखा और फिर बिल्डर की डस्टर कार में बैटरी रिमोट से ब्लास्ट कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी. उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.