कर्नाटक। राजधानी बेंगलुरु में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के दौरान सरकारी अधिकारियों पर कथित हमले का मामला सामने आया है. यह घटना देवरा जीवनहल्ली (डीजे हल्ली) थाना क्षेत्र के रोशन नगर स्थित कौसर मस्जिद के पास बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई.
पुलिस के मुताबिक, स्लम डेवलपमेंट बोर्ड के अधीक्षक फकीरप्पा समेत सरकारी अधिकारी मतदाता सूची के स्पेशल रिवीजन का काम कर रहे थे. इसी दौरान दास्तागीर नाम का एक शख्स वहां पहुंचा और SIR फॉर्म की मांग करने लगा. अधिकारियों ने उसे बताया कि वह अपना निवास जयनगर स्थानांतरित कर चुका है, इसलिए उस इलाके में उसे फॉर्म जारी नहीं किया जा सकता. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई.
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दास्तागीर और उसके साथी यारब ने फकीरप्पा के साथ मारपीट की और उनके चेहरे पर मुक्का मार दिया. घटना के बाद सरकारी अधिकारियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. डीजे हल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है.