नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने उठाई मांग, लेह हिंसा पर होनी चाहिए कार्रवाई
Market. मंडी। कांग्रेस वोट चोरी करती रही है। देहरा विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस की लूटमार का परिणाम है। मंडी में भाजपा ऑफिस का शुभारंभ करने के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर वोट चोरी मामले में जमकर प्रहार किए हैं। इसके अलावा लेह हिंसा में नामजद लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लेह हिंसा के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि लेह में जो हिंसक घटनाक्रम हुआ है, वह निंदनीय है। केंद्र सरकार इस विषय पर लगातार नजर बनाए हुए है और उचित कार्रवाई की जा रही है।
जयराम ठाकुर ने वोट चोरी मामले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरफ से भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि आज यह आरोप उस पार्टी के नेता लगा रहे हैं, जिन्होंने खुद वोट चोरी करके सत्ता चलाई थी। आज राहुल गांधी की देश में कोई स्वीकार्यता नहीं हैं और कोई भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेता है। इसलिए उनके ऐसे आरोपों के कोई मायने नहीं रह जाते हैं। इससे पहले जयराम ठाकुर ने भाजपा के संगठनात्मक जिला मंडी के अस्थायी कार्यालय का विधिवत शुभारंभ भी किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री सिद्धार्थन, मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और मंडी निहाल चंद शर्मा आदि कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।