Shimla. शिमला। दिल्ली पुस्तक मेले में प्रख्यात लेखक एसआर हरनोट की दो पुस्तकों का लोकार्पण हुआ। पहली पुस्तक छह कहानियां का लोकार्पण वाणी प्रकाशन साहित्य घर में वाणी प्रकाशन के निदेशक अरुण माहेश्वरी, वाणी प्रकाशन की सीईओ अदिति माहेश्वरी गोयल, प्रसिद्ध आलोचक प्रो सूरज पालीवाल, वरिष्ठ उपन्यासकार हरियश राय और जानी मानी उपन्यासकार वंदना यादव के हाथों संपन्न हुआ। अदिति माहेश्वरी गोयल ने कहा कि श्री हरनोट की वाणी से यह तीसरी पुस्तक छपी है।
पहला कहानी संग्रह कीलें और उपन्यास नदी रंग जैसी लडक़ी बहुत चर्चित किताबें रही हैं, जिन्हें पाठकों ने खूब सराहा है। दोनों पुस्तकों के बहुत कम समय में दूसरे संस्करण आ गए हैं। गत वर्ष लंदन पुस्तक मेले में हमने हरनोट की दोनों पुस्तकों को प्रॉमिनेंस में प्रदर्शित किया था। विश्व पुस्तक मेले में दूसरी पुस्तक आधार प्रकाशन ने हरनोट की प्रतिनिधि कहानियां शीर्षक से प्रकाशित की है, जिसका चयन और संपादन जाने माने आलोचक डा. विनोद शाही ने अपनी लंबी भूमिका के साथ किया है। इस पुस्तक का लोकार्पण और चर्चा आधार प्रकाशन के स्टाल पर हुई।