New Delhi. नई दिल्ली। दिल्ली में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रूप ले चुका है। तिलक नगर इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान सामने आए वायरल वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंत्री प्रवेश वर्मा पर निशाना साधते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने विकासपुरी थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है।
वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान एक वीडियो सामने आया था, जिसमें मंत्री प्रवेश वर्मा एक युवक को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई। AAP का आरोप है कि युवक सड़क निर्माण की गुणवत्ता और कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठा रहा था, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। वहीं, प्रवेश वर्मा की ओर से कहा गया है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने इसी संदर्भ में अपनी प्रतिक्रिया दी।


केजरीवाल ने PM मोदी से की कार्रवाई की मांग
अरविंद केजरीवाल ने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। केजरीवाल ने सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग भी उठाई है। उन्होंने इस पूरे विवाद को युवाओं और Gen-Z से जुड़े मुद्दों से जोड़ते हुए कहा कि सवाल उठाने वाले लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।
सौरभ भारद्वाज पहुंचे थाने
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने विकासपुरी थाने पहुंचकर डीसीपी से मुलाकात की। उन्होंने मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ शिकायत देकर केस दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की। AAP नेताओं का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से जुड़े सवालों की जांच होनी चाहिए और घटना में शामिल लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस मामले को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। AAP जहां इसे सड़क निर्माण और आम नागरिक की आवाज से जुड़ा मामला बता रही है, वहीं प्रवेश वर्मा ने घटना के पीछे अलग कारण बताया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, शिकायतों और दोनों पक्षों के दावों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Tags: