अरविंदर सिंह लवली को मनाने की जिम्मेदारी केसी वेणुगोपाल को

Update: 2024-04-28 08:49 GMT

दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल को अरविंदर सिंह लवली से बात करने और दिल्ली कांग्रेस संकट को हल करने का रास्ता खोजने का निर्देश दिया है। अरविंदर सिंह लवली ने आज दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद से ही कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी विवाद निकलकर सामने आया है।

बता दें कि दिल्ली कांग्रेस में बीते कुछ दिनों से उथल-पुथल मची हुई है। रविवार को अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। इस पर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लवली ने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है, उन्होंने केवल अपने पद से इस्तीफा दिया है। गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली की शीला दीक्षित सरकार में मंत्री रह चुके राजकुमार चौहान ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। लवली के इस्तीफा देने के बाद दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभाष चोपड़ा ने उनसे मुलाकात की। सुभाष चोपड़ा के मुताबिक इस मुलाकात में उन्होंने लवली से जानना चाहा कि उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया।

चोपड़ा ने बताया कि अरविंदर सिंह लवली का कहना है कि वे पार्टी हाई कमान को अपने इस्तीफा का कारण बता चुके हैं। चोपड़ा ने इस निर्णय को स्वयं और अन्य साथियों के लिए चौंकाने वाला बताया। इसके साथ ही चोपड़ा ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का आंतरिक मामला है। अरविंदर सिंह लवली पार्टी में ही हैं और पार्टी के साथ हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के पद से इस्तीफा पर भाजपा ने कहा है कि फिर से एक बार 'टुकड़े-टुकड़े कांग्रेस' का प्रमाण मिला है। कांग्रेस के पास देश के लिए कोई मिशन नहीं है, बल्कि, कांग्रेस में केवल कंफ्यूजन, कांट्रडिक्शन और डिवीजन है।


Tags:    

Similar News