वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार हुआ कसौली, होटल-होम स्टे में फुल आक्यूपेंसी
Solan. सोलन। वीकेंड पर जिला सोलन का प्रमुख पर्यटन स्थल कसौली सैलानियों से गुलजार रहा। मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे। पर्यटकों की भारी आमद के चलते सनवारा टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि कसौली के अधिकांश होटल, रिसॉर्ट और होम स्टे पहले से ही पूरी तरह बुक रहे। शुक्रवार शाम से ही पर्यटकों का पहुंचना शुरू हो गया था। शनिवार और रविवार को मॉल रोड, हेरिटेज मार्केट, सनसेट पॉइंट, गिल्बर्ट ट्रेल समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक बनी रही। बढ़ते यातायात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े। कसौली के साथ-साथ चायल, कंडाघाट और सोलन का सुहावना मौसम भी पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।
दिन में हल्की गर्मी और शाम के समय चलने वाली ठंडी हवाओं के बीच पर्यटकों ने प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण का भरपूर आनंद लिया। हालांकि पार्किंग स्थलों पर वाहनों का दबाव बढऩे से कई पर्यटकों को अपने वाहन दूर स्थानों पर खड़े करने पड़े। पर्यटकों की भीड़ से स्थानीय होटल व्यवसाय, रेस्तरां, दुकानदारों और पर्यटन कारोबारियों में उत्साह देखने को मिला। जंगलों के बीच बने होटल और कॉटेज भी पर्यटकों की पहली पसंद बने रहे। कसौली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष वेद गर्ग ने बताया कि वीकेंड के दौरान पर्यटकों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। अधिकांश होटल और होम स्टे पहले से बुक रहे। उन्होंने पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखने की अपील की। पर्यटकों ने भी कसौली के सुहावने मौसम, हरियाली और शांत वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए यह सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थलों में से एक है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में जिले के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है, जिससे पर्यटन कारोबारियों को पर्यटकों की संख्या और बढऩे की उम्मीद है।