कर्नाटक ने खत्म किया वीकेंड कर्फ्यू; क्यों?

Update: 2022-01-21 12:21 GMT

कर्नाटक ने खत्म किया वीकेंड कर्फ्यू; क्यों?

कर्नाटक सरकार ने इस सप्ताह के अंत से शुरू होने वाले वीकेंड कर्फ्यू को समाप्त करने का फैसला किया है, हालांकि रात का कर्फ्यू पहले की तरह लागू रहेगा। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। महामारी की तीसरी लहर के बीच कुछ ढील देने की घोषणा करने वाला कर्नाटक महाराष्ट्र के बाद दूसरा राज्य बन गया है। हालांकि महाराष्ट्र के विपरीत, कर्नाटक अभी भी दैनिक कोरोना मामलों में वृद्धि देख रहा और बेंगलुरु में गुरुवार को 30,000 से अधिक ताजा कोविड मामले दर्ज किए गए थे। महाराष्ट्र ने सोमवार से स्कूलों में ऑफलाइन कक्षाएं फिर से शुरू करने का फैसला किया है।

'बेंगलुरु को अभी अपने चरम पर पहुंचना बाकी'
राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा कि कर्नाटक में रात का कर्फ्यू लागू रहेगा। मंत्री ने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने की दर 5% से अधिक होने पर सप्ताहांत कर्फ्यू वापस लाया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर 50% लोगों की उपस्थिति को अनिवार्य करने वाले अन्य प्रतिबंधों को भी बनाए रखा जाएगा। विशेषज्ञों की मानें तो दिल्ली और मुंबई के विपरीत, बेंगलुरु को अभी अपने चरम पर पहुंचना बाकी है। गुरुवार को, पूरे कर्नाटक में 24 घंटे में 47,754 मामलों पाए गए थे वहीं अकेले बेंगलुरु में 30,540 ताजा मामले दर्ज किए गए।
क्यों हटाया गया वीकेंड कर्फ्यू?
बोम्मई ने शुक्रवार को कोविड-19 तकनीकी सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ मुलाकात की, जिसमें डॉक्टर, नागरिक अधिकारी आदि सहित विशेषज्ञ शामिल हैं। हालांकि राज्य में मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन अस्पतालों में लोगों के कम भर्ती होने को देखते हुए सप्ताहांत कर्फ्यू हटाने का निर्णय लिया गया है। सीएम ने कहा, "कोविड की मौजूदा लहर में अस्पताल में भर्ती होने की संख्या कम है। इसलिए एक राय है कि कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दैनिक जीवन को चलाना बेहतर होगा और विशेषज्ञ इसकी जांच कर रहे हैं।"


Tags:    

Similar News