दौलतपुर में देख लो हाल, बरसात में टेढ़े हुए टैंक की किसी को फिक्र ही नहीं

Update: 2026-03-29 10:15 GMT
दौलतपुर चौक। अमलैहड़ पंचायत के अंतर्गत रामपुर कुटैहड़ा में स्थित वाटर सप्लाई का ओवरहेड टैंक बरसात के चलते लगातार खतरे की जद में बना हुआ है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि महीनों बीत जाने के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा इसकी सुध तक नहीं ली गई। टैंक के समीप पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसकने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जिससे आसपास के रिहायशी मकानों पर खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय निवासी निर्मल सूद ने बताया कि उनके घर के समीप पहाड़ी पर बना यह टैंक बरसात के दौरान हुए भूस्खलन के कारण अस्थिर हो चुका है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि यह टैंक धराशायी होता है, तो उनके घर को भारी नुकसान हो सकता है।
निर्मल सूद ने बताया कि इस गंभीर समस्या के बारे में विभाग को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है और ऐसा प्रतीत होता है मानो विभाग किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा हो। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि टैंक के पास क्षतिग्रस्त पहाड़ी पर तुरंत डंगा (रिटेनिंग वॉल) लगाकर टैंक को मजबूती प्रदान की जाए, ताकि संभावित खतरे को टाला जा सके और आसपास के घरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उधर, एसडीओ जोगिन्द्र सिंह ने बताया कि मामला उनके ध्यान में है। अमलैहड़ पंचायत के अंतर्गत रामपुर कुटैहड़ा में स्थित वाटर सप्लाई का ओवरहेड टैंक बरसात के चलते खतरे में हैं।
Tags:    

Similar News