JP नड्डा ने नयना देवी के दरबार में नवाया शीश

Update: 2024-10-11 11:34 GMT
Nayana Devi. नयना देवी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज उत्तरी भारत के विख्यात शक्तिपीठ माता श्री नयना देवी जी के दरबार में शीश नवाया। JP नड्डा शुक्रवार सुबह साढ़े नो बजे के करीब मंदिर में पहुंचे जहां मंदिर के पुजारियों ने उनका स्वागत किया और इसके बाद विधिवत रूप से माता की पूजा अर्चना करवाई। इस दौरान नड्डा ने प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां भी डालीं और कन्या पूजन भी किया। वहीं, मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं उप मंडल अधिकारी धर्मपाल ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री को माता की चुनरी और फोटो
देकर सम्मानित किया।


इस दौरान नड्डा के साथ भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा और आशुतोष शर्मा सहित कई भाजपा नेता उपस्थित रहे। वहीं, मीडिया को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि आज उन्हें शारदीय नवरात्र में मां नयना देवी का आशीर्वाद लेने का सौभाग्य मिला। आज नवमी है और ऐसे में मां दुर्गा का आशीर्वाद सबको मिला है। उन्होंने कहा कि उनके और उनके साथियों को माता जी के दर्शन करके नई स्फूर्ति, नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि माता श्री नयना देवी जी का आशीर्वाद लेकर मन से प्रार्थना करते हैं कि सारा संसार और भारत देश मंगलमय रहे। माता के आशीर्वाद से हम सब लोग प्रधानमंत्री मोदी के विकसित सपने को पूरा करने में समाज तथा देश को आगे बढ़ाने में काम करें। इसके बाद जेपी नड्डा ने पास के गांव दभट में अपने कुल माता के दर्शन भी किए।
Tags:    

Similar News

-->