IPL 2025: कप्तान हार्दिक पंड्या पर फिर लगा जुर्मान, भरने होंगे 12 लाख रुपए
IPL 2025: मुंबई इंडियंस ने अपना पहला मुकाबला 23 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेला था। जहां टीम के नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या बैन के चलते पहले मुकाबले से गायब थे क्योंकि पिछले सीजन यानी कि आईपीएल 2024 में उन्हें स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया था। जिसकी वजह से उन्हें आईपीएल 2025 के पहले मुकाबले से बैन कर दिया गया था। आईपीएल 2025 के पहले मुकाबले में ही बैन के बाद बीते कल (29 मार्च) गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैदान में उतरे हार्दिक पंड्या को एक बार फिर से स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया है। इस बार उन्हें बैन तो नहीं किया गया है। मगर बोर्ड की तरफ से भारी भरकम धनराशि का जुर्माना जरुर लगाया गया है। उन्हें दोषी पाए जाने के बाद अब 12 लाख रुपए की धनराशि अदा करनी होगी।
क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद थी कि पंड्या की अगुवाई में जीटी के खिलाफ एमआई की टीम बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करेगी। मगर टीम को जीत भी नसीब नहीं हुई। ऊपर से कप्तान के ऊपर जुर्माना भी लग गय। बीते कल मुंबई के गेंदबाज निर्धारित समय सीमा के अंदर अपने कोटे की गेंदबाजी पूरी नहीं कर पाए। जिसके बाद उन्हें आखिरी के ओवर में 30 यार्ड सर्कल के बाहर एक फील्डर कम रखना पड़ा। इसके अलावा जारी सीजन में टीम का आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.2 के तहत पहला अपराध है। ऐसी स्थिति में पंड्या पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।