Ahmedabad अहमदाबाद। गुजरात पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) जोन-4 ने अहमदाबाद, साबरकांठा और राजस्थान में सक्रिय एक अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने गिरोह के कब्जे से 15 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं और वाहन चोरी के 11 मामलों का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, एलसीबी जोन-4 की टीम लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं पर नजर रख रही थी। 29 मार्च को मिली खुफिया सूचना के आधार पर नरोदा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को पकड़ा गया, जिसके पास से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई थीं। ये वाहन अहमदाबाद, साबरकांठा और राजस्थान के विभिन्न इलाकों से चोरी किए गए थे।
जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के दो अन्य सदस्यों की जानकारी मिली, जिनकी पहचान राजस्थान के सलूंबर जिले के निवासी रणजीतसिंह राठौड़ और ललितकुमार मीना के रूप में हुई। दोनों आरोपियों को मेघानीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर आठ और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस ने बताया कि बरामद वाहनों में अहमदाबाद के शाहिबाग, मेघानीनगर, माधवपुरा, कृष्णानगर और बापूनगर क्षेत्रों के अलावा साबरकांठा और राजस्थान से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। कुल बरामद वाहनों की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी वर्ष 2023 से वाहन चोरी की वारदातों में शामिल थे। वे मजदूरी के बहाने अहमदाबाद आते-जाते थे और इसी दौरान सुनसान स्थानों से मोटरसाइकिलें चुराकर उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में बेच देते थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।