Jamshedpur जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में एक होटल कारोबारी की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई है। कदमा थाना क्षेत्र के रहने वाले 35 वर्षीय निखर सबलोक को अज्ञात हमलावरों ने सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक, निखर सबलोक अपने कुछ दोस्तों के साथ हाईवे किनारे स्थित ‘10th माइलस्टोन’ नामक स्थान पर गए थे। इसी दौरान अचानक कुछ हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से निखर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। निखर सबलोक शहर के युवा और चर्चित कारोबारी थे। उनकी हत्या की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग और उनके समर्थक टीएमएच पहुंचे। इनमें कई उद्यमी और कारोबारी भी शामिल थे। शहर के कारोबारी वर्ग में इस घटना को लेकर नाराजगी और चिंता देखने को मिल रही है।
चांडिल थाना प्रभारी सनत तिवारी ने बताया कि घटना ‘10th माइलस्टोन’ होटल परिसर में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और घटना में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच और स्थानीय स्तर पर पूछताछ कर रही है। युवा होटल कारोबारी की इस तरह हत्या से जमशेदपुर और आसपास के व्यापारिक समुदाय में चिंता का माहौल है। लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Tags: