लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में हुए ट्रिपल मर्डर केस में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने हत्या के आरोपी के मकान को अवैध निर्माण बताते हुए सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान एलडीए के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। बताया जा रहा है कि मकान पर बुलडोजर चलाने की तैयारी भी की जा रही है। हालांकि, ध्वस्तीकरण के अंतिम आदेश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पार्किंग विवाद में हुई थी तीन लोगों की हत्या
सआदतगंज के ब्राह्मणी टोला इलाके में सोमवार को कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतकों की पहचान शिवाजी तिवारी, शिवेंद्र तिवारी और सुयश तिवारी के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया था।
आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग
घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
दो पुलिस अधिकारी निलंबित
मामले में पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने लापरवाही के आरोप में सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और चार खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Tags: