दिल्ली। अमेरिका की ओर से भारतीय उत्पादों पर नए टैरिफ लगाने के प्रस्ताव के बीच भारत सरकार की प्रतिक्रिया सामने आई है। भारत ने बुधवार को अमेरिका के उस आरोप को खारिज कर दिया, जिसमें भारतीय औद्योगिक और व्यापारिक नीतियों के कारण जरूरत से ज्यादा विनिर्माण क्षमता विकसित होने की बात कही गई है। भारत सरकार ने स्पष्ट किया कि व्यापार से संबंधित मुद्दों का समाधान दोनों देशों के बीच जारी द्विपक्षीय बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए। भारत सरकार का कहना है कि देश में किसी भी औद्योगिक क्षेत्र में जरूरत से अधिक उत्पादन क्षमता नहीं है। ऐसे में अतिरिक्त विनिर्माण क्षमता को लेकर अमेरिका के दावों से भारत सहमत नहीं है। सरकार ने व्यापारिक चिंताओं को दूर करने के लिए आपसी संवाद और सहयोग पर जोर दिया है।
भारत की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) ने भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। प्रस्ताव के मुताबिक, यदि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो जाता है तो शुल्क की दर 17 प्रतिशत तक सीमित की जा सकती है। समझौता नहीं होने की स्थिति में 25 प्रतिशत टैरिफ का प्रस्ताव है। भारत सरकार ने कहा है कि वह अमेरिका की ओर से जारी नोटिस का अध्ययन कर रही है। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच लंबित व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अमेरिकी प्रशासन का तर्क है कि विभिन्न देशों में औद्योगिक नीतियों और सरकारी सहायता के कारण अतिरिक्त उत्पादन क्षमता विकसित हो रही है, जिससे अमेरिकी कंपनियों की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति प्रभावित होती है। हालांकि, भारत ने अपने औद्योगिक क्षेत्र को लेकर इस आकलन पर असहमति जताई है।
यदि प्रस्तावित टैरिफ लागू होता है तो भारतीय उत्पादों की अमेरिकी बाजार में लागत बढ़ सकती है। इससे निर्यातकों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में दोनों देशों के बीच व्यापारिक समझौता महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत ने टकराव के बजाय बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की बात कही है। अब दोनों देशों के बीच आगामी व्यापार वार्ता और अमेरिकी प्रशासन के अंतिम निर्णय पर निगाहें टिकी हैं। फिलहाल 25 प्रतिशत टैरिफ प्रस्तावित है, इसे लागू किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
Tags: