दिल्ली। अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप सरकार एक बार फिर वैश्विक व्यापार को लेकर नए टैरिफ लगाने की तैयारी कर रही है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) के नए प्रस्ताव के तहत भारत समेत सात देशों के उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगाने की बात कही गई है। वहीं, चीन पर 40 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। इस प्रस्ताव से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और भारतीय निर्यातकों की चिंताएं बढ़ सकती हैं।
रॉयटर्स के हवाले से सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने भारत के अलावा कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, भारत के लिए व्यापार समझौते के आधार पर अलग-अलग दरों का विकल्प रखा गया है। प्रस्ताव के अनुसार, यदि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो जाता है तो भारतीय उत्पादों पर 17 प्रतिशत टैरिफ लगाया जा सकता है। समझौता नहीं होने की स्थिति में यह दर 25 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा बांग्लादेश, यूरोपीय संघ, जापान, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर पर 20 प्रतिशत तक, वियतनाम पर 35 प्रतिशत तक और चीन पर 40 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है। विभिन्न देशों के लिए व्यापारिक व्यवस्थाओं के आधार पर अलग-अलग शुल्क दरों का भी उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका का उद्देश्य अपने व्यापार घाटे को कम करना और घरेलू विनिर्माण उद्योगों को संरक्षण देना है। ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि कई देशों में सरकारी सब्सिडी और वित्तीय सहायता के कारण विदेशी कंपनियों को उत्पादन लागत कम रखने में मदद मिलती है।
अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि विदेशी कंपनियों को मिलने वाली सरकारी सहायता के चलते अमेरिकी उत्पादकों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल हो जाता है। इसी आधार पर औद्योगिक सब्सिडी को लेकर जांच के बाद नए टैरिफ का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यदि प्रस्तावित शुल्क लागू होते हैं तो भारतीय उत्पादों की अमेरिकी बाजार में कीमत बढ़ सकती है। इसका असर निर्यातकों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और व्यापारिक लागत पर पड़ने की आशंका है। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की स्थिति इस मामले में महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल प्रस्तावित टैरिफ को अंतिम रूप से लागू किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
Tags: