गुमला डबल मर्डर का खुलासा, दो सगे भाइयों पर अपनी पत्नियों की हत्या का आरोप
खुद लिखाई गुमशुदगी की रिपोर्ट
झारखंड। गुमला जिले में दो महिलाओं की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, दो सगे भाइयों ने लंबे समय से चले आ रहे वैवाहिक विवाद के चलते अपनी-अपनी पत्नियों की कथित तौर पर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों महिलाओं के शवों को सिमडेगा जिले के वीरू जंगल में दफना दिया गया। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपनी पत्नियों की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी शिव शंकर साहू और नवीन साहू सगे भाई हैं। दोनों का अपनी-अपनी पत्नियों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। पारिवारिक विवाद को समाप्त करने के लिए कई बार समझौते की कोशिश भी हुई थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को दोनों भाइयों का अपनी पत्नियों के साथ फिर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर महिलाओं की हत्या कर दी। वारदात के अगले दिन आरोपी अपने नाबालिग बच्चों के साथ गुमला थाने पहुंचे और पत्नियों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान दोनों महिलाओं के पतियों की भूमिका पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने शिव शंकर साहू और नवीन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपी गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन बाद में उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में सामने आया कि वारदात के पीछे लंबे समय से चला आ रहा वैवाहिक विवाद था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सिमडेगा जिले के वीरू जंगल से दोनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए हैं। शवों का पोस्टमार्टम सिमडेगा में कराया गया है। पुलिस ने वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस दोहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद पारिवारिक हिंसा और वैवाहिक विवादों को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं।