Delhi दिल्ली: भारत हेल्थ ग्लोबल एक्सपो 2026 में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने देश के फार्मा सेक्टर की क्षमता को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत का दवा उद्योग देश की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है और इसी वजह से भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि भारत का फार्मा क्षेत्र वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि देश में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, लेकिन सभी पक्षों को एक साथ लाने की जरूरत है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले सभी लोगों को एक मंच पर लाने में कुछ कठिनाइयां थीं, लेकिन अब एकजुट होकर काम करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति से बदलाव नहीं आता, बल्कि सामूहिक प्रयास से ही बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। पीयूष गोयल ने कहा कि अलग-अलग सम्मेलन और अलग-अलग प्रयास अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन जब सभी लोग एक साथ मिलकर काम करते हैं तो उसका प्रभाव ज्यादा बड़ा होता है।
उन्होंने कहा कि यहां मौजूद सभी लोगों का उद्देश्य किसी व्यक्तिगत हित से जुड़ा नहीं है, बल्कि भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र और फार्मा उद्योग को मजबूत बनाना है। भारत हेल्थ ग्लोबल एक्सपो 2026 में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भारत के फार्मा उद्योग, स्वास्थ्य सेवाओं और वैश्विक बाजार में देश की भूमिका को लेकर चर्चा की गई।
Tags: