स्वतंत्रता दिवस: यूपी बार्डर पर बढ़ी पुलिस की हलचल, बार्डर हुआ सील; राकेश टिकैत ने कही ये बात

स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर गाजियाबाद पुलिस ने शनिवार रात ईडीएम माल कौशांबी और महाराजपुर सीमा पूरी तरह से सील कर दिया

Update: 2021-08-14 17:57 GMT

स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर गाजियाबाद पुलिस ने शनिवार रात ईडीएम माल कौशांबी और महाराजपुर सीमा पूरी तरह से सील कर दिया। इससे दिल्ली जाने और आने वाले लोगों को अन्य सीमाओं का सहारा लेना पड़ा। इससे उन्हें दिक्कत हुई। कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट पर 28 नवंबर से धरना चल रहा है। यूपी गेट पर प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली जाने वाली सभी लेन पर कब्जा किया हुआ है। यहां से लोग दिल्ली नहीं जा पा रहे हैं। गत 26 जनवरी को प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक्टर मार्च के बहाने दिल्ली में जमकर हिंसा की थी।

यूपी गेट पर बढ़ी सख्ती
ताजा जानकारी के अनुसार यूपी गेट पर कृषि कानून के विरोध में डेरा जमाए प्रदर्शनकारियों के कारण गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले सभी रास्तों को पर बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है। जिससे कि प्रदर्शनकारी स्वतंत्रता दिवस समारोह में बाधा उत्पन्न न कर पाए। कौशांबी में बैरिकेड लगा कर रास्ते को दिल्ली पुलिस ने बंद कर दिया है।
राकेश टिकैत ने कहा खेत खलिहान में फहरेगा तिरंगा
इधर, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने एक ट्वीट कर बताया है कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना अपराध नहीं, बल्कि नागरिक समाज की सजगता का प्रमाण है। वहीं उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश भर के किसान अपने घर ट्रैक्टर खेत खलिहान में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराएंगे। ज्यों-ज्यों 15 अगस्त की तारीख नजदीक आ रही है। शासन प्रशासन की चिंता के साथ किसानों ने भी सुरक्षा व्यवस्था अपने स्तर से संभालने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं पर
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने बताया कि शनिवार को यहां अपने कार्यकर्ताओं की गोपनीय बैठक में सुरक्षा व्यवस्था हेतु योजना बना कर जिम्मेदारियां सौंपी हैं। किसानों के आंदोलन में देश भर से हर क्षेत्र के पीड़ित किसान मजदूर और संगठन दिन प्रतिदिन अपनी समस्याओं को लेकर यहां चौधरी राकेश टिकैत से मिलकर अपनी समस्या का समाधान करवाना चाहते हैं। इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि अब सरकार से देशवासियों का भरोसा उठ रहा है। सिर्फ एक ही रास्ता बचता है वह है राकेश टिकैत और किसान आंदोलन की शक्ति के साथ मिलकर चलना। राष्ट्रीय पर्व के मौके पर ऐसे में कुछ अनजान लोगों पर निगरानी रखना भी हर नागरिक का कर्तव्य बनता है। आज भी यहां बड़े बुजुर्गों और युवाओं के हाथों में बड़ी संख्या में तिरंगे झंडे देखकर कल स्वतंत्रता दिवस की खुशी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर सतर्क हुई पुलिस
इस कारण स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस पहले ही सतर्क हो गई है। शनिवार रात में करीब नौ बजे पुलिस ने ईडीएम माल और महाराजपुर सीमा पूरी तरह से सील कर दिया। रविवार को कार्यक्रम खत्म होने तक इन सीमाओं से ना तो कोई व्यक्ति दिल्ली जा पाएगा और ना आ पाएगा। पुलिस अधीक्षक यातायात रामानंद कुशवाहा ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर रूट डायवर्जन किया गया है। राहगीरों को परेशानी ना हो इसके लिए जगह-जगह यातायात पुलिस तैनात की गई है।


Tags:    

Similar News

-->