उत्तराखंड। केदारनाथ धाम की हेलिकॉप्टर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इस बार बड़ा आर्थिक झटका लगा है. उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने हेलिकॉप्टर किराए में 49 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें 15 सितंबर से लागू होंगी, बशर्ते नागरिक उड्डयन महानिदेशालय अंतिम अनुमति प्रदान कर दे. अनुमति मिलते ही आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर 10 सितंबर से ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो जाएगी. यात्रा सीजन की पहली हेली सेवा भी 15 सितंबर से शुरू होने की संभावना है. नई किराया दरों के अनुसार गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए आने-जाने का किराया 12,444 रुपये तय किया गया है.
फाटा से 8,900 रुपये और सिरसी से 8,500 रुपये का किराया लगेगा. इससे पहले गुप्तकाशी से लगभग 8,500 रुपये और फाटा व सिरसी से लगभग 6,500 रुपये में टिकट उपलब्ध था. यानी यात्रियों को पहले की तुलना में लगभग चार से पांच हजार रुपये अतिरिक्त देने होंगे.
UCADA के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इस बार हेलिकॉप्टर सेवाओं में तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं. चारों धामों में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित होंगे, जिससे मौसम की सटीक और रियल टाइम जानकारी मिल सकेगी. इसके अलावा पीटीजी कैमरे, एटीसी, वीएचएफ सेट और सिलोमीटर लगाए जाएंगे. दो कंट्रोल रूम भी बनाए जा रहे हैं- एक देहरादून के सहस्त्रधारा और दूसरा सिरसी में. ग्राउंड कंट्रोल के लिए 22 ऑपरेटरों की टीम तैनात की जाएगी, ताकि उड़ानों पर लगातार नजर रखी जा सके.