एंट्री टैक्स के विरोध में निहंग सिखों ने मोडा टोल प्लाजा के पास लगाया ‘खालसा एंट्री टैक्स’
Swarghat. स्वारघाट। हिमाचल पंजाब सीमा पर स्थित गांव मोड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के टोल प्लाजा के समीप पंजाब की सीमा पर निहंग सिखों द्वारा “खालसा एंट्री टैक्स” के नाम पर वाहनों को रोककर धनराशि एकत्र करनी शुरू कर दी गई। इस दौरान निहंग सिंह अछर सिंह अपने साथियों सहित बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और वाहनों को रोककर “सरबत के भले” के नाम पर स्वैच्छिक योगदान एकत्र करना शुरू कर दिया। वाहनों की लंबी कतारें लगने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर बातचीत करते हुए निहंग सिंह अछर सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को जबरन नहीं रोका जा रहा है और ना ही किसी प्रकार की धक्केशाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि लोग अपनी इच्छा से जो दान दे रहे हैं, उसे सरबत के भले और धार्मिक कार्यों के लिए उपयोग किया जाएगा। अछर सिंह ने आगे कहा कि जब तक हिमाचल प्रदेश सरकार पंजाब से आने वाले लोगों पर लगाए जा रहे भारी-भरकम कर और शुल्क वापस नहीं लेती, तब तक उनका यह अभियान जारी रहेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल में घूमने गए पंजाबियों के साथ कथित बेइंसाफी और कुछ शरारती तत्वों द्वारा पंजाबियों के साथ किए जा रहे भेदभावपूर्ण व्यवहार के विरोध में यह कदम उठाया गया है। उनका कहना था कि इस कार्रवाई के माध्यम से हिमाचल सरकार को पंजाबियों की नाराजगी और समस्याओं का एहसास कराने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा हमने सिर्फ थोड़ी देर के लिए हिमाचल सरकार को सिर्फ ट्रेलर दिखाया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए श्री कीरतपुर साहिब के थाना प्रभारी श्री राहुल शर्मा भी मौके पर पहुंचे उन्होंने स्थिति को संभालते हुए निहंग सिंहो को समझा बूझाकर उनके द्वारा शुरू किए गए खालसा टोल टैक्स को बंद करवाया।