Bilaspur. बिलासपुर। जिला लघु उद्योग संघ के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपतियों ने शुक्रवार को उद्योग विभाग और जिला प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी जताते हुए खस्ताहाल सडक़ों की समस्या को लेकर एक बार फिर ज्ञापन सौंपा। उद्योगपतियों ने कहा कि इस संबंध में 26 जनवरी और 25 अप्रैल 2026 को भी प्रदेश के उद्योग मंत्री को ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ज्ञापन में कहा गया है कि औद्योगिक क्षेत्र की सडक़ों की स्थिति दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है। प्रतिदिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोग लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस समस्या को उजागर कर रहे हैं। उद्योगपतियों का कहना है कि जिला लघु उद्योग संघ द्वारा कई बार उद्योग विभाग और जिला प्रशासन को इस गंभीर समस्या से अवगत करवाया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं आया। संघ ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि औद्योगिक क्षेत्र की सभी सडक़ों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए आगामी 15 दिनों के भीतर निर्णायक कदम उठाए जाएं। उद्योगपतियों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो 1 जुलाई 2026 के बाद उद्योगपति आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी उद्योग विभाग और जिला प्रशासन की होगी।