‘मैं बिल्कुल स्वस्थ हूं’, मायावती बोलीं- आकाश अभी भी ससुर के दिमाग से चल रहे
बसपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव.
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती रविवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सामने आईं और अपनी बीमारी को लेकर चल रही अफवाहों को खारिज किया। मायावती ने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और लगातार अपना काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक-दो दिनों से पार्टी से निकाले गए लोग यह भ्रम फैला रहे हैं कि वह बीमार हैं, इसलिए उन्हें खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी।
मायावती बोलीं- मैं बिल्कुल स्वस्थ हूं
मायावती ने कहा कि अगर वह बड़े मामलों पर सीधे X के जरिए जानकारी दे रही थीं, तो इसका मतलब यह नहीं है कि उनकी तबीयत खराब है। उन्होंने बताया कि शनिवार रात पार्टी के इंचार्ज आलोक कुमार के पास उनके भतीजे आकाश आनंद का फोन आया था।
मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद ने आलोक कुमार से पूछा कि बहनजी बीमार हैं क्या और उनका स्वास्थ्य कैसा है। आलोक कुमार ने जवाब दिया कि मायावती बिल्कुल ठीक हैं और अपने काम में लगी हुई हैं। इसके बाद आकाश आनंद ने कहा कि यह बात बहनजी को न बताई जाए और फोन रख दिया।
मायावती ने कहा कि आकाश की इस मानसिकता को गंभीरता से सोचने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि आकाश अभी भी अपने दम पर राजनीति नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपने ससुर और पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में काम कर रहे हैं।
आकाश आनंद पर फिर बोला हमला
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद अभी राजनीतिक रूप से परिपक्व नहीं हुए हैं। इसी वजह से उन्हें पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के घटनाक्रम के बावजूद आकाश को पार्टी में कोई पद नहीं दिया गया है।
दरअसल, मायावती ने कुछ दिन पहले आकाश आनंद को पार्टी में पद वापस देने के लिए उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने की शर्त रखी थी। इसके करीब 17 घंटे बाद अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। इसके बावजूद मायावती ने आकाश को कोई पद नहीं दिया और बाद में उन्हें पार्टी से बाहर करने की घोषणा कर दी।
मायावती ने आरोप लगाया था कि आकाश को पार्टी और मिशन से ज्यादा अपने ससुर प्रिय हैं। इसके बाद उन्होंने शनिवार को एक लंबी पोस्ट में कहा कि आकाश के छोटे भाई ईशान को भी पार्टी में कोई पद नहीं दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने अपनी भतीजी दीपिका आनंद को भविष्य में पार्टी में जिम्मेदारी देने के संकेत दिए।
बसपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव
मायावती ने पार्टी के जनाधार को मजबूत करने के लिए संगठन में बड़े बदलाव की भी घोषणा की। इसके तहत मुख्य सेक्टर प्रभारी का पद खत्म कर दिया गया है। पहले इस पद की जिम्मेदारी आकाश के छोटे भाई ईशान को दी गई थी।
अब मायावती ने देश को तीन सेक्टरों में बांटा है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को पहले सेक्टर में रखा गया है, जिसकी जिम्मेदारी मायावती खुद संभालेंगी। इसके अलावा 19 राज्यों को दो अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है।
सेक्टर-1 में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब-चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड शामिल हैं। इसकी जिम्मेदारी रामजी गौतम और सुरेश राव को दी गई है।
सेक्टर-2 में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल को रखा गया है। इस सेक्टर की जिम्मेदारी राजाराम और अतर सिंह राव को दी गई है।
चीन, पंचायत सहायकों और पार्टी को लेकर भी बोलीं
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मायावती ने चीन के साथ सीमा विवाद को जल्द सुलझाने की जरूरत बताई। उन्होंने BRICS सम्मेलन के घोषणा पत्र और सदस्य देशों के बीच बढ़ते सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने लखनऊ के इको गार्डन में प्रदर्शन कर रहे करीब 58 हजार पंचायत सहायकों का मुद्दा भी उठाया। मायावती ने कहा कि मानदेय बढ़ाने और संविदा के बजाय स्थायी करने की उनकी मांगों पर राज्य सरकार को विचार करना चाहिए।
मायावती ने हाल में पार्टी और मूवमेंट के हित में लिए गए कड़े फैसलों को भी सही ठहराया। उन्होंने कहा कि इन फैसलों से पार्टी को फायदा हो रहा है और बाबा साहेब का अधूरा कारवां तेजी से आगे बढ़ रहा है।