Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में तीरंदाजी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एक छात्र का आर्चरी किट और मोबाइल फोन चोरी करने वाले ई-रिक्शा चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विल्सन ब्राउन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के संपूर्ण आर्चरी उपकरण, एक मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा सहित लगभग 2.50 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह जेल निरुद्ध रह चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी उपांशु राव ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रायपुर स्थित सांईं एकेडमी इंडोर स्टेडियम में तीरंदाजी का प्रशिक्षण प्राप्त करता है। छह नवंबर 2026 को वह अपने आर्चरी उपकरणों से भरा ट्रॉली बैग लेकर ई-रिक्शा से घर जाने के लिए भाठागांव बस स्टैंड जा रहा था। यात्रा के दौरान उसने अपना मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए ई-रिक्शा में चार्जिंग पर लगाया था। इसी दौरान ई-रिक्शा चालक ने छात्र को भाठागांव बस स्टैंड पहुंचाने के बजाय भाठागांव चौक पर उतार दिया। छात्र ने किराये का भुगतान करने के लिए चालक को 500 रुपये का नोट दिया। इस पर चालक ने चिल्हर लेकर आने का बहाना बनाया। इसी बीच आरोपी ई-रिक्शा में रखे ट्रॉली बैग में मौजूद आर्चरी उपकरण और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद प्रार्थी उपांशु राव ने थाना टिकरापारा पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1036/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम को आरोपी की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने प्रार्थी से घटना और ई-रिक्शा चालक के संबंध में विस्तृत पूछताछ की।
इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल तथा आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा के संबंध में तकनीकी और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीम लगातार आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी रही। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से घटना में संलिप्त आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान टिकरापारा थाना क्षेत्र के बोरियाखुर्द निवासी विल्सन ब्राउन के रूप में की। इसके बाद संयुक्त पुलिस टीम ने उसकी पतासाजी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी विल्सन ब्राउन ने छात्र के आर्चरी उपकरण और मोबाइल फोन चोरी करने की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के संपूर्ण आर्चरी उपकरण, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 NZ 3733 जब्त किया है। जब्त किए गए संपूर्ण सामान की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विल्सन ब्राउन, पिता जॉर्ज ब्राउन, उम्र 31 वर्ष, निवासी आरडीए कॉलोनी बोरियाखुर्द, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में भी जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, विल्सन ब्राउन के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और मारपीट से संबंधित प्रकरण पंजीबद्ध हैं। आरोपी इन मामलों में पहले भी जेल निरुद्ध रह चुका है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छात्र के चोरी हुए संपूर्ण आर्चरी उपकरण और मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए ई-रिक्शा को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की है।
Tags: