फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्याम कॉलोनी में एक महिला पर अपने पति की गर्दन पर चाकू से वार कर उसकी हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी काजल और उसके कथित प्रेमी योगेंद्र को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में प्रेम संबंधों को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है।
15 साल से फरीदाबाद में नौकरी करता था गोपाल
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कूमरपुर गांव निवासी गोपाल के रूप में हुई है। वह करीब 15 वर्षों से फरीदाबाद में नौकरी कर रहा था। उसकी पत्नी काजल बच्चों के साथ गांव में रहती थी। पुलिस के अनुसार, काजल की गांव के ही योगेंद्र से जान-पहचान थी। इसे लेकर गोपाल और काजल के बीच विवाद होता रहता था।
सोते समय गर्दन पर चाकू से किया हमला
पुलिस जांच में सामने आया कि काजल 13 अक्टूबर को गांव से फरीदाबाद आई थी और अपनी एक रिश्तेदार के घर ठहरी हुई थी। आरोप है कि 14 और 15 अक्टूबर की दरमियानी रात गोपाल शराब के नशे में वहां पहुंचा था। जब वह सो गया, तब काजल ने कथित तौर पर उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से गोपाल की मौत हो गई।
भाई को फोन पर मिली मौत की जानकारी
मृतक के भाई भूरा ने पुलिस को बताया कि 15 अक्टूबर की सुबह उसे फोन पर गोपाल की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह फरीदाबाद पहुंचा, जहां श्याम कॉलोनी की गली नंबर पांच स्थित कमरे में गोपाल मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। भाई की शिकायत पर थाना पल्ला में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पत्नी और कथित प्रेमी गिरफ्तार
मामले की जांच फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा डीएलएफ को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस को काजल और योगेंद्र की कथित भूमिका के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। योगेंद्र भी हाथरस के कूमरपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, गोपाल को रास्ते से हटाने की पहले ही योजना बनाई गई थी। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
Tags: