Shimla. शिमला। हिमाचल के सेब और शहद से बनने वाले ड्रिंक से कमाई का नया रास्ता खुलने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश बागबानी उपज विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) जल्द ही सेब के रस से तैयार एप्पल साइडर और शहद से बनने वाली मीड बाजार में उतारेगा। बीयर की तरह स्वाद वाले इन दोनों पेय पदार्थों में क्रमश: आठ और नौ प्रतिशत अल्कोहल होगा। निगम का लक्ष्य सेब आधारित उत्पादों में मूल्यवर्धन कर कारोबार बढ़ाना और बाजार में अपनी नई पहचान बनाना है। इसके साथ ही एचपीएमसी एक महीने के भीतर कार्बोनेटेड एप्पल जूस भी बाजार में उतारने की तैयारी कर रहा है। एचपीएमसी के वाइस चेयरमैन सुरेंद्र शर्मा के अनुसार, नए अल्कोहलिक पेय पदार्थों को बाजार में उतारने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
उत्पादों के नमूने तैयार करने और आबकारी विभाग से लाइसेंस सहित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। परवाणू स्थित निगम के प्रसंस्करण संयंत्र में मीड और एप्पल साइडर का उत्पादन आउटसोर्स आधार पर किया जा रहा है। एक से डेढ़ महीने के भीतर ये दोनों पेय पदार्थ और कार्बोनेटेड एप्पल जूस बाजार में उपलब्ध हो सकते हैं। एचपीएमसी का मुख्य कारोबार अब तक फलों के रस और जूस कंसंट्रेट पर केंद्रित रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीन से प्रतिस्पर्धा के चलते इस कारोबार में कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में निगम सेब से अधिक मूल्य वाले उत्पाद तैयार कर अपनी आमदनी बढ़ाने की संभावनाएं तलाश रहा है।