HP: नगर परिषद नालागढ़ की अध्यक्ष ने दिया त्यागपत्र

Update: 2024-08-25 11:47 GMT
Nalagarh. नालागढ़। नालागढ़ नगर परिषद की अध्यक्ष अलका वर्मा ने शनिवार को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है, जिसे कार्यकारी अधिकारी की ओर से जिलाधीश को आगामी कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दिया है। कांग्रेस सर्मथित अलका वर्मा ने पिछले वर्ष अध्यक्ष चुने जाने के बाद 26 अगस्त को पद की शपथ ली थी और एक साल पूरा होने पर अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। अल्का वर्मा ने अपने दिए इस्तीफे में पारिवारिक परिस्थितियों और व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है, लेकिन इस्तीफे के पीछे पार्षदों के बीच पहले से तय आपसी समझौते को वजह माना जा रहा है। हालांकि नप अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के खेमे के साथ-साथ भाजपा के खेमे में भी
अंदरखाते हलचल तेज हो गई है।


सूत्रों की माने तो भाजपा नेता अपने सर्मथित पार्षदों के सहारे अध्यक्ष पद कब्जाने के लिए जोड़ तोड़ की फिराक में है, लेकिन कांग्रेस खेमा नप अध्यक्ष पद पर अपने ही पार्षद की ताजपोशी को लेकर पूरी तरह आश्वसत है। नालागढ़ नगर परिषद की अध्यक्ष रीना शर्मा थी, लेकिन अक्तूबर-2022 में पांच पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया, जिसके कारण उन्हें अध्यक्ष गंवाना पड़ा था। इसके बाद पार्षद अल्का वर्मा अध्यक्ष पद पर आसीन हुई। अध्यक्ष पद को लेकर पार्षदों के बीच समझौता हुआ था, जिसके तहत पार्षदों में आपसी सहमति बनी थी कि एक वर्ष तक अलका वर्मा को अध्यक्ष बनाया जाएगा उसके बाद शेष अवधि के लिए वंदना अध्यक्ष पद संभालेंगी।
Tags:    

Similar News

-->