Paonta Sahib. पांवटा साहिब। भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) सिरमौर का नौवां दीक्षांत समारोह शनिवार को संस्थान के स्थायी परिसर धौलाकुआं में आयोजित हुआ। इस अवसर पर विपिन सोंधी चेयरमैन नेशनल बोर्ड फॉर क्वालिटी प्रमोशन एवं चेयरमैन सीआईआई ग्रीन मोबिलिटी काउंसिल मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता आईआईएम सिरमौर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष अजय एस श्रीराम ने की। समारोह की शुरुआत शैक्षणिक प्रोसेशन से हुई। दीक्षांत समारोह के उदघाटन के बाद अजय एस श्रीराम ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भारतीय और वैश्विक व्यापार परिवेश के साथ-साथ भारतीय उद्योगों की मजबूती और विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को नए विचारों के साथ तेजी से आगे बढऩे और खुले मन से काम करने के लिए प्रेरित किया, ताकि वह व्यवसायों को लचीलापन और विकास की दिशा में आगे बढ़ा सकें। आईआईएम सिरमौर के निदेशक प्रोफेसर प्रफुल्ल वाई अग्निहोत्री ने संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
जिसमें बीते वर्ष में संकाय, कर्मचारियों और छात्रों द्वारा प्राप्त उपलब्धियों को रेखांकित किया। वर्तमान में संस्थान छह पूर्णकालिक कार्यक्रम संचालित कर रहा है। इस वर्ष संस्थान ने जर्मनी के आरडब्ल्यूटीएच आचेन विश्वविद्यालय के साथ मिलकर एक वर्षीय पूर्णकालिक एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग मैनेजमेंट कार्यक्रम शुरू किया। इस अवसर पर अजय एस श्रीराम ने छात्रों को एमबीए की डिग्रियां प्रदान कीं। कुल 295 छात्रों ने इस वर्ष स्नात्तक किया। 250 छात्रों को मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और 45 छात्रों को मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन इन टूरिज्म मैनेजमेंट की डिग्री प्रदान की गई। वहीं मोहित गर्ग को चेयरमैन स्वर्ण पदक और पटेल पवन संदीप को निदेशक पदक से सम्मानित किया गया। मुख्यातिथि विपिन सोंधी ने दीक्षांत भाषण देते हुए छात्रों को इस महत्त्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी। समारोह का समापन गर्व, आशा और उत्सव वातावरण में हुआ, जिसमें छात्र, माता-पिता, संकाय और कर्मचारी एक साथ आकर इस महत्त्वपूर्ण उपलब्धि का जश्र मनाया।