प्रथम विश्व योगासना चैंपियनशिप में जज बनीं हिमाचल की मीनाक्षी ठाकुर

Update: 2026-06-13 10:23 GMT
Chandigarh. चंडीगढ़। अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासना चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश की मीनाक्षी ठाकुर ने तकनीकी अधिकारी (जज) के रूप में भाग लेकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विश्व के 60 से अधिक देशों के खिलाडिय़ों और तकनीकी अधिकारियों ने हिस्सा लिया। चैंपियनशिप से लौटने के बाद चंडीगढ़ में वल्र्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) की गवर्निंग बॉडी
की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें महासचिव मीनाक्षी ठाकुर का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष अमित राणा ने कहा कि मीनाक्षी ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर तकनीकी अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर न केवल संगठन बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है और आज पूरी दुनिया इसे अपना रही है। ऐसे में हिमाचल की एक बेटी का विश्व चैंपियनशिप में जज के रूप में योगदान देना प्रदेश की प्रतिभा और क्षमता का प्रमाण है। अमित राणा ने कहा कि वल्र्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन हिमाचली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। मीनाक्षी ठाकुर की यह उपलब्धि प्रदेश की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। बैठक में चेयरपर्सन आशा जसवाल, सलाहकार जी.एल. बतरा, उपाध्यक्ष महेंद्र निराला, राकेश शर्मा, मस्तान सिंह चंब्याल, महामंत्री सुरेश राणा, सचिव राजपाल डोगरा, रजनी ठाकुर और प्रदीप शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों ने मीनाक्षी ठाकुर को हिमाचली टोपी और पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
Tags:    

Similar News