Himachal News: 2200 करोड़ बढ़ी हिमाचल की कमाई

Update: 2024-08-05 11:47 GMT
Shimla. शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ नीतिगत बदलाव लाए जा रहे हैं। बेहतर प्रबंधन के फलस्वरूप इस वर्ष सरकार ने 2200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है। प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री रविवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर शिमला में हिमाचल निर्माता और प्रथम मुख्यमंत्री डा. यशवंत सिंह परमार की 118वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डा. परमार एक महान और दूरदर्शी व्यक्तित्व थे, जिन्होंने प्रदेश के विकास की मजबूत आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डा. परमार का संपूर्ण जीवन हिमाचल प्रदेश के लिए समर्पित रहा है। वर्तमान में प्रदेश विकास की राह पर अग्रसर है, यह डा. परमार का सपना था। डा. परमार ने प्रदेश का इतिहास ही नहीं,
बल्कि भूगोल भी बदला।

उन्होंने प्रदेश की सीमाओं को और बड़ा किया। हिमाचल का अस्तित्व डा. परमार की अतुलनीय देन है। उन्होंने कहा कि डा. परमार को हिमाचल की संस्कृति और पर्यावरण के संरक्षक के रूप में भी जाना जाता है, उन्हें पर्यावरण से बहुत लगाव था। उन्होंने प्रदेश की सबसे बड़ी संपदा वनों के संरक्षण को सदैव ही अधिमान दिया। डा. परमार ने प्रदेश को हरित राज्य बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। सीएम ने कहा कि आर्थिक तंगी के बावजूद प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। सरकार ने हर क्षेत्र में गुणात्मक बदलाव लाए जा रहे हैं। शिक्षा, जल विद्युत, पर्यटन व खाद्य प्रसंस्करण आदि क्षेत्रों में अनेक नवोन्मेषी पहल की जा रही हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डा. अंशुक अत्री और डा. राजेंद्र अत्री द्वारा लिखित पुस्तक परमार: हिमाचल के शिल्पकार और डा. अंशुक अत्री ने अंग्रेजी भाषा में लिखित पुस्तक दि क्राफ्टिंग ऑफ हिमाचल प्रदेश का विमोचन किया। उन्होंने डा. परमार की जीवनी पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने रिज मैदान स्थित डा. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने डा. परमार की जीवनी पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
Tags:    

Similar News

-->