पहाड़ों पर भारी बर्फबारी, उत्तराखंड में 100 से अधिक गांवों का संपर्क टुटा, पश्चिमी विक्षोभ पर फ‍िर सक्रिय हो रहा मौसम

पहाड़ों में फिर से शुरू हुई बर्फबारी के बाद दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है। दिल्ली में गुरुवार सुबह से प्रारंभ हुआ हल्की बारिश का दौर रात भर जारी रहा।

Update: 2022-02-04 19:02 GMT

नई दिल्ली। पहाड़ों में फिर से शुरू हुई बर्फबारी के बाद दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है। दिल्ली में गुरुवार सुबह से प्रारंभ हुआ हल्की बारिश का दौर रात भर जारी रहा। शुक्रवार की सुबह तक भी हल्की बौछारें पड़ती रहीं, जिससे ठिठुरन भी बनी रही। हालांकि दिन चढ़ने के साथ बादल छंटे और सूरज निकला तो धूप भी खिल गई। इससे तापमान में इजाफा हुआ और ठंड कुछ कम हुई है। हालांकि ठंडे दिन (कोल्ड डे) वाली स्थिति तब भी बरकरार रही।

मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान में अब इजाफा ही होगा जबकि न्यूनतम फिलहाल कम रहेगा। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 18.1 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि छह और नौ फरवरी को फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा लेकिन छह को जहां इसका असर पहाडों पर ही दिखेगा वहीं नौ को दिल्ली में भी थोड़ी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। पहाड़ों में लगातार दो दिन से हो रहे बर्फबारी के कारण तीन दर्जन से अधिक सड़क मार्ग बंद हैं। जबकि, 100 से अधिक गांवों का संपर्क जिला मुख्यालयों से कट गया है। मैदानी इलाकों में भी शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उत्तराखंड में शनिवार से मौसम कुछ राहत दे सकता है। चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। शेष भाग में मौसम शुष्क रहने के आसार है।
जम्मू कश्मीर में बारिश थमी, हाईवे दोनों तरफ से खुला रहा
जम्मू-कश्मीर में दो दिन से हो रही बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुक्रवार को थम गया। इस दौरान माता वैष्णो देवी भवन समेत प्रदेश के सभी ऊंचे पहाड़ों पर काफी हिमपात हुआ। वर्तमान में कश्मीर के अधिकांश इलाकों का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। इस बीच, जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे छोटे वाहनों के लिए दोनों तरफ से खुला रहा।
वहीं, वैष्णो देवी यात्रियों के लिए बैटरी कार मार्ग रात 11 बजे से सुबह आठ बजे तक एहतियात के तौर पर बंद रखा गया। कटड़ा-सांझीछत हेलीकाप्टर सेवा शुक्रवार को तीसरे दिन भी बंद रही। मौसम विभाग ने कश्मीर के कुछ ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार जताए हैं। विभाग के उप निदेशक डा. मुख्तार अहमद ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ अभी सक्रिय ही है। ऐसा यह आठ फरवरी तक रहेगा।
हिमाचल में रिकार्ड हिमपात से घरों में कैद हुए लोग
हिमाचल प्रदेश में दो दिन से जारी हिमपात और बारिश ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। वर्ष 2004 से उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर इस बार सबसे अधिक हिमपात दर्ज किया गया है। ऊपरी शिमला सहित करसोग, बरोट, चौहार घाटी, जंजैहली व पराशर का संपर्क शेष विश्व से कट गया है। अटल सुरंग रोहतांग के दोनों छोर पर दो दिन में तीन फीट हिमपात हुआ है। लाहुल घाटी में तीन फीट तक हिमपात होने से ग्रामीण घरों में कैद हो गए हैं। तांदी व मूलिंग पुल के बीच हिमस्खलन होने से जोखिम बढ़ गया है। हिमपात के बीच बीआरओ ने मनाली-केलंग सड़क को बहाल करना शुरू कर दिया है।
Tags:    

Similar News

-->